सिमडेगा I बिरमित्रापुर के पूर्व विधायक जॉर्ज तिर्की की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिमडेगा विधायक सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूषण बाड़ा समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए। सभी ने स्वर्गीय जॉर्ज तिर्की के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम में कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा, जिप सदस्य समरोम पौल तोपनो, जॉर्ज तिर्की के पुत्र सह विधायक रोहित जोसेफ तिर्की, राजगांगपुर विधायक राजन एक्का, विधायक प्रतिनिधि शीतल एक्का, पंचायत समिति सदस्य प्रतिमा कुजूर, विजय किंडो, अशोक तिर्की, बैथलोमी तिर्की समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
जनसेवा और संघर्ष को किया याद
श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि जॉर्ज तिर्की का निधन क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि जॉर्ज तिर्की ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में आम लोगों की आवाज को मजबूती से उठाया। विशेष रूप से आदिवासी समाज, गरीबों, किसानों और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर वे लगातार सक्रिय रहे।
विधायक ने कहा कि जॉर्ज तिर्की की राजनीति केवल सत्ता और पद तक सीमित नहीं रही, बल्कि वे जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए प्रयास करने में विश्वास रखते थे। लंबे सार्वजनिक जीवन में लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। उनके विचार और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
प्रतिमा का भी किया गया अनावरण
जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि जॉर्ज तिर्की का जीवन संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक रहा। उन्होंने समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनने का काम किया। लोगों के प्रति उनका समर्पण और उनके विचार हमेशा याद किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक भूषण बाड़ा समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वर्गीय जॉर्ज तिर्की की प्रतिमा का अनावरण भी किया। प्रतिमा अनावरण के बाद उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान को याद किया।




