हल्दीपोखर में बेहोशी का स्प्रे कर लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

हृदय नगर में घर के सभी सदस्यों के सोने के दौरान चोरी की घटना, आलमारी का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात ले गए चोर; कौवाली पुलिस जांच में जुटी।

पोटका I कौवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर स्थित हृदय नगर में रविवार की देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बोर्ड मिडिल स्कूल के समीप जावेद आलम के घर में घुसे अज्ञात चोरों ने 95 हजार रुपये नगद सहित करीब 14 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब दो से तीन बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय जावेद आलम, उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी, बेटी और भगिनी घर में सो रहे थे। आरोप है कि करीब पांच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। इनमें से चार मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए, जबकि एक बाहर निगरानी कर रहा था।

जावेद आलम के अनुसार, घर में सो रहे सभी सदस्यों पर किसी तरह के स्प्रे का इस्तेमाल किया गया, जिसके कारण उन्हें घर में चोरों के प्रवेश की भनक तक नहीं लगी। इसके बाद चोर करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहे। उन्होंने आलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे 95 हजार रुपये नगद तथा सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

जावेद आलम ने बताया कि करीब 3:10 बजे उनकी नींद खुली तो आंखों में तेज जलन महसूस हुई। वह बाथरूम गए और आंखों को पानी से धोया। इसके बाद जब घर के अंदर पहुंचे तो सामान अस्त-व्यस्त मिला। आलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखी नगदी व जेवरात गायब थे। जांच करने पर मुख्य गेट का ताला भी टूटा मिला।

जावेद आलम की मां के उठने पर उनकी आंखों में भी जलन और गर्दन में दर्द की शिकायत थी। घटना की जानकारी तत्काल कौवाली थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

जावेद आलम की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कौवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के नेतृत्व में पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस चोरों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *