हैदरनगर I थाना क्षेत्र के देवी धाम के समीप पीपल पेड़ के पास रविवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है।
हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि देवी धाम के पास एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मानवता का परिचय देते हुए तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई, लेकिन अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को पहचान के लिए हुसैनाबाद अस्पताल में रखा है। साथ ही मृतक की पहचान कराने के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कहां का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में वह देवी धाम के पास अचेत अवस्था में पहुंचा।
हैदरनगर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है या उसके संबंध में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल हैदरनगर थाना अथवा नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।




