नीलांबर-पितांबरपुर I पलामू जिले के नीलांबर-पितांबरपुर (लेस्लीगंज) थाना क्षेत्र के ढेला गांव निवासी प्रवासी मजदूर सतीश राम उर्फ पप्पू राम का शव रविवार को गांव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। शव के पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा। सतीश के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण गांव में जुट गए।
बताया गया कि सतीश राम मजदूरी करने के सिलसिले में गुजरात के सूरत गया था। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद शव को गांव लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता, विधायक के निजी सचिव सरोज चटर्जी और मुखिया पति वीरेंद्र राम चंद्रवंशी के प्रयास से मृतक का शव गांव पहुंच सका।
रविवार को जैसे ही सतीश का शव गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। अपने जवान परिजन को अंतिम विदाई देते समय परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास का माहौल भी पूरी तरह शोक में डूब गया। हर किसी की आंखें नम थीं और परिजनों की चीत्कार से गांव का माहौल बेहद भावुक हो उठा।
गमगीन माहौल के बीच सतीश राम का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।




