हरिहरगंज I पीपरा थाना क्षेत्र के होलेया गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब भीम सिंह के भट्टा के पास स्थित आहर से एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है और पानी में पड़े रहने के कारण उसकी स्थिति काफी खराब हो गई थी। आहर से दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पीपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को आहर से बाहर निकाला। थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शव को रस्सी से बांधकर पानी से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच हो सकती है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव की पहचान के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतक कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।




