बाघमारा । भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) क्षेत्र संख्या-1 के अंतर्गत 4ए पैच की बंद खदान में अवैध खनन के खिलाफ सुरक्षाबलों ने सख्त कार्रवाई की। सीआईएसएफ के बल सदस्यों ने हाई वॉल पर बनाए गए रैट होल के अंदर अवैध रूप से जमा कोयले को मैन्युअल तरीके से बाहर निकालकर नष्ट कर दिया।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, जिस मुहाने पर अवैध तरीके से कोयला जमा किया गया था, वहां तक पहुंचने वाले रास्ते में गोफ यानी सुरंगनुमा धंसाव और गड्ढे बन चुके हैं। इसके कारण भारी वाहनों का वहां तक पहुंचना संभव नहीं था। ऐसी स्थिति में सीआईएसएफ के जवानों ने खुद मौके पर पहुंचकर मैन्युअल तरीके से कार्रवाई की।
वाहनों के पहुंचने की सुविधा नहीं होने के कारण बरामद कोयले को परिवहन कर बाहर ले जाना संभव नहीं था। लिहाजा सुरक्षाबलों ने जब्त किए गए कोयले को पानी में डालकर पूरी तरह नष्ट कर दिया, ताकि उसका दोबारा अवैध खनन या इस्तेमाल नहीं किया जा सके।
प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों और रैट होल के जरिए कोयला निकालने वाले असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सीआईएसएफ की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। सुरक्षाबलों की कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




