चौका । सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने चौका थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे छह अपराधियों को हथियार और लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, जिंदा गोली, चाकू, दाउली, हथौड़ी, तीन मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले की जानकारी एसपी मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं।
बंद पड़े स्कूल में चल रही थी डकैती की तैयारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि चौका थाना क्षेत्र के मटकमडीह, टोला चुटियाखाल स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय बरियाबेड़ा में कुछ अपराधी एकत्रित हुए हैं। सूचना के आधार पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुण्डा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्कूल की घेराबंदी की और वहां मौजूद छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
छह अपराधी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में मोनसा सिंह मुण्डा, निवासी बारुहातु, कुचाई; चम्बुराम मुण्डा उर्फ चमुरा, निवासी मेरोमजनगा, कुचाई; सोमा मुण्डा उर्फ सब्जी, देबेन मुण्डा और सोमा मुण्डा उर्फ करपा, तीनों निवासी बारसीडा, चौका तथा रामजीत मुण्डा उर्फ मंगरा मुण्डा, निवासी मुटुदा, चौका शामिल हैं।
पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, एक जिंदा गोली (KF 7.65), लोहे का चाकू, एक दाउली और लोहे की हथौड़ी बरामद की है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें—स्प्लेंडर, करिज्मा और अपाचे—भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने सात मोबाइल फोन के साथ घटना में प्रयुक्त हेलमेट और टी-शर्ट भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में तीन लूटकांडों का खुलासा
गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को हाल में हुई तीन घटनाओं के संबंध में अहम जानकारी मिली। आरोपियों ने पुलिस के समक्ष 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट के प्रयास में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप पर मोबाइल और नकद लूट की घटना में भी अपनी संलिप्तता बताई।
इसके अलावा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में दो मोबाइल फोन की छिनतई की घटना में भी आरोपियों ने शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इन घटनाओं में लूटे गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।
इस मामले में चौका थाना में कांड संख्या 39/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।




