देशी पिस्तौल, छह गोलियां और प्रिंस खान के पर्चे के साथ आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बड़कागांव के कोयलांग बकपंजा जंगल से प्रिंस खान गैंग के कथित सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया, हथियार, गोलियां, पर्चे और मोबाइल बरामद किए।

बड़कागांव । हजारीबाग पुलिस ने प्रिंस खान गैंग से जुड़े एक कथित सक्रिय सदस्य को देशी पिस्तौल और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलांग बकपंजा जंगल में प्रिंस खान के कुछ अपराधकर्मी एकत्र होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बड़कागांव के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में पु.अ.नि. दीपक कुमार सिंह समेत थाना के उपलब्ध पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया। गठित टीम ने सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए तत्काल कोयलांग बकपंजा जंगल में पहुंचकर निगरानी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे जंगल में टूटे हुए मिट्टी के घर के पीछे दो-तीन युवकों को छिपकर बैठे देखा। पुलिस बल को अपनी ओर आता देख तीनों युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा, उम्र करीब 25 वर्ष, पिता स्वर्गीय निरंजन महतो, निवासी तलसवार, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने बताया कि फरार दोनों युवकों को प्रिंस खान ने हथियार और गोली के साथ बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए उसके पास भेजा था। तीनों हथियार, गोली और पर्चे के साथ घटना की योजना बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ के दौरान संदीप मेहता ने पूर्व की एक घटना में भी शामिल होने की बात बताई। उसके अनुसार, 25 जुलाई 2026 को 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड, बुढ़ना घाटी में गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर पिपराडीह के अंकित कुमार पाण्डेय के कहने पर उसने कुणाल कुमार पाण्डेय के साथ मिलकर पिस्टल से हाईवा वाहन पर गोलीबारी की थी।

पुलिस के अनुसार, उस घटना में कुणाल कुमार पाण्डेय, अंकित कुमार पाण्डेय और कौशल पाण्डेय उर्फ ओमप्रकाश पाण्डेय भी शामिल थे। पुलिस अब इस मामले में फरार आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल, छह जिंदा गोलियां, ‘प्रिंस खान KSS’ लिखा दो पर्चे और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *