हजारीबाग खेल महोत्सव में पहुंचे धनबाद मेयर संजीव सिंह, खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

हजारीबाग खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि धनबाद मेयर संजीव सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और मेहनत व खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

हजारीबाग : बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) में आयोजित प्रमंडलीय स्तरीय तीन दिवसीय हजारीबाग खेल महोत्सव-2026 में धनबाद के मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।

खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए मेयर संजीव सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

मेयर ने कहा कि हजारीबाग ओलंपिक संघ एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह खेल महोत्सव युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है और उनमें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास भी मजबूत होता है।

उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। खेल के क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए प्रतिभा के साथ नियमित अभ्यास और समर्पण भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद राणा, सेवानिवृत्त आईजी (बीएसएफ) डी.के. शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेयर संजीव सिंह ने खेल महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों, आयोजकों और उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *