राष्ट्रीय खेल दिवस पर धनबाद में खेलों का महासंगम, विजेताओं को मिला सम्मान

राष्ट्रीय खेल दिवस पर धनबाद के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कबड्डी, फुटबॉल, तीरंदाजी, बॉक्सिंग समेत कई प्रतियोगिताएं हुईं और विजेताओं को मेडल-ट्रॉफी दी गई।

मनीष सिन्हा

धनबाद : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, धनबाद की ओर से मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के खिलाड़ियों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनमें खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कबड्डी, फुटबॉल, तीरंदाजी, बॉक्सिंग, किक बॉक्सिंग और कराटे सहित कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों में जीत को लेकर उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला।

राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर भारतीय हॉकी के महान खिलाड़ी और “हॉकी के जादूगर” मेजर ध्यानचंद को भी याद किया गया। उनके जीवन, खेल उपलब्धियों और देश के प्रति योगदान पर चर्चा हुई। तीरंदाजी की प्रतिभावान खिलाड़ी यशिका दत्ता, रियांशिका और आराध्या दत्ता ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और उनकी खेल उपलब्धियों पर अपने विचार साझा किए।

खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास और देश के प्रति निष्ठा को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

प्रतियोगिताओं के समापन के बाद विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार मिलने पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, धनबाद उमेश लोहरा ने सभी खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद के अद्वितीय खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और देश के प्रति निष्ठा की याद दिलाता है। उनका जीवन हर खिलाड़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है। जिला खेल कार्यालय का लगातार प्रयास है कि धनबाद के अधिक से अधिक बच्चे और युवा खेलों से जुड़ें तथा उन्हें अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए बेहतर मंच और अवसर मिलें।

उमेश लोहरा ने कहा कि “एक घंटा खेल के मैदान में” और “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” जैसे संदेशों के माध्यम से जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के साथ शिक्षा और व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर धनबाद और झारखंड का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अविजित पात्र, एम.डी. सरफराज, बिनोद राउत, बिपिन दत्ता, संतोष कुमार (जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ), लक्ष्मण मुर्मू (फुटबॉल कोच), बबली कुमारी और रिंकू कुमारी सहित अन्य सहयोगियों एवं खेल प्रशिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान किक बॉक्सिंग एवं कराटे कोच राज संचू और आशीष तथा बॉक्सिंग कोच अभिमन्यु एवं खुशबू भी मौजूद रहे।

मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित खेल गतिविधियों के माध्यम से खिलाड़ियों, युवाओं और आम नागरिकों तक “एक घंटा खेल के मैदान में” तथा “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” का संदेश पहुंचाया गया। आयोजन से जिले में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने, नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और स्वस्थ एवं सक्रिय समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल को बल मिला।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *