रांची : लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के टिको में संचालित अविराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) कोर्स के संचालन के लिए आधिकारिक संबद्धता (एफिलिएशन) मिल गयी है। संस्थान के टिको-कुड़ू और लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित हुटाप परिसर को यह उपलब्धि मिली है। एफिलिएशन मिलने की खबर से संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों और क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है।
संस्थान के सचिव इंद्रजीत कुमार भारती ने इस उपलब्धि पर पूरी फैकल्टी, प्रशासनिक टीम और विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह संस्थान के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।
उन्होंने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और सुदूरवर्ती क्षेत्रों के युवाओं, विशेष रूप से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा और रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों या बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम होगी।
संस्थान प्रबंधन के अनुसार, लोहरदगा, लातेहार, चतरा, पलामू, गुमला, सिमडेगा और आसपास के जिलों के विद्यार्थियों को मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए संस्थान लगातार शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तार कर रहा है। प्रबंधन ने बताया कि नर्सिंग शिक्षा के बाद संस्थान का उद्देश्य लॉ कॉलेज का संचालन शुरू करना भी है।
आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगी नर्सिंग शिक्षा
संस्थान प्रबंधन के अनुसार जीएनएम कोर्स के लिए आधुनिक लैब, सुसज्जित लाइब्रेरी और अनुभवी फैकल्टी की व्यवस्था पूरी कर ली गयी है। विद्यार्थियों को बेहतर व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए क्लिनिकल ट्रेनिंग की भी समुचित व्यवस्था की गयी है।
प्रबंधन का कहना है कि इन सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को पेशेवर स्तर की नर्सिंग शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जीएनएम कोर्स के लिए एफिलिएशन मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है और स्थानीय स्तर पर इसे उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।



