ओएनजीसी स्टोर में लगातार दूसरी वारदात, गार्ड की सतर्कता से चोरी टली

खुदगड्डा के बीके-11 साइट स्टोर में पहली घटना के बाद फिर ताला तोड़कर घुसने पहुंचे चोर, गार्ड की नजर पड़ते ही अंधेरे में भागे।

बोकारो I ओएनजीसी के खुदगड्डा स्थित बीके-11 साइट के स्टोर रूम में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए महज 48 घंटे के भीतर दूसरी बार धावा बोल दिया। पहली घटना में लाखों रुपये के उपकरण और केबल चोरी होने के बाद रविवार रात चोरों ने एक बार फिर स्टोर का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर पड़ते ही उनकी कोशिश नाकाम हो गई। गार्ड के शोर मचाने पर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

पहली चोरी की घटना 10 सितंबर की बताई जा रही है। टेस्टिंग सुपरवाइजर बीरजू कुमार ने स्टोर से सामान गायब होने की जानकारी कनिष्ठ अभियंता शुभम गुप्ता को दी थी। मामले की जांच के बाद 11 सितंबर को गोमिया थाना में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने इस संबंध में सनहा संख्या 11/26 दर्ज किया है।

बताया गया कि पहली घटना में करीब 150 मीटर 3.5 फेज, 35 वर्ग मिमी कॉपर केबल, 350 मीटर 2.5 वर्ग मिमी तीन फेज आईईएसपी केबल, एक ग्राइंडर, एक वेल्डिंग मशीन, दो परित्यक्त बैटरियां और सेंसर केबल समेत अन्य सामान गायब मिले थे। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पहली घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई थी, लेकिन 13 सितंबर की रात चोरों ने दोबारा स्टोर को निशाना बना लिया। चोर मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई। गार्ड ने शोर मचाया तो चोर मौके से भाग निकले और इस बार स्टोर से सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके।

एक ही स्टोर में दो दिनों के अंतराल पर चोरी और चोरी के प्रयास की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पहली घटना के बाद भी अपराधियों का सुराग नहीं मिल पाने के बीच दूसरी वारदात की कोशिश ने चिंता बढ़ा दी है। ओएनजीसी प्रबंधन ने रात्रि गश्ती बढ़ाने और घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *