शिव सागर दूबे
सुल्तानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल, पाइप लाइन, पंप हाउस, सोलर इंस्टॉलेशन, हर घर जल आपूर्ति और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं वीटीएल, गायत्री और यूनिवर्सल को निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं का 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें एक माह के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। लापरवाही मिलने पर संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भूमि विवाद से जुड़ी छह परियोजनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश एसडीएम सदर, जयसिंहपुर और कादीपुर को दिए। साथ ही पूर्ण हो चुकी 135 योजनाओं में नियमित जलापूर्ति की जांच कर रिपोर्ट एक सप्ताह में उपलब्ध कराने को कहा। डीएम ने पाइप लाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने और दूरस्थ गांवों में योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।




