मेदिनीनगर I पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर पलामू पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 121 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करने के साथ एक स्विफ्ट डिजायर कार, दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को 25 अगस्त की रात गुप्त सूचना मिली थी कि लातेहार जिले के मनिका की ओर से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार संख्या जेएच-03-एक्यू-3253 में भारी मात्रा में अवैध गांजा लादकर डालटनगंज की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई की गई।
मेदिनीनगर परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप के नेतृत्व में पुलिस बल ने सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को सुरक्षित तरीके से रोककर उसकी जांच की गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार मिले।
पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू और शंभू कुमार यादव, दोनों निवासी ग्राम झाबर, थाना सतबरवा, जिला पलामू के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की और आगे की सीट के नीचे बाईं ओर छिपाकर रखा गया कुल 121 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो नंबर प्लेट और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए।
एसपी कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
छापामारी दल में मेदिनीनगर परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक मृत्युंजय गोप, पु०अ०नि० प्रदीप कुमार, सतबरवा थाना प्रभारी, स०अ०नि० सुजीत रजक सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




