वज्रपात ने ली तीन भैंसों की जान, पशुपालक भी बेहोश होकर गिरे

हरिहरगंज में दो भैंसों की मौत के साथ पशुपालक बेहोश हुआ, जबकि पीपरा में भी एक दुधारू भैंस वज्रपात की चपेट में आ गई।

 

हरिहरगंज I बारिश के दौरान हरिहरगंज और पीपरा थाना क्षेत्र में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में तीन भैंसों की मौत हो गई। हरिहरगंज थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव स्थित हड़ियाही मुख नहर के समीप आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, भैंस मालिक कुलहीया गांव निवासी कृष्णा यादव भी वज्रपात की चपेट में आकर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताते हुए छुट्टी दे दी।

जानकारी के अनुसार, कृष्णा यादव अपनी दोनों भैंसों को लेकर जहाना गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जगदीशपुर स्थित हड़ियाही मुख नहर के पास अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक हुए वज्रपात की चपेट में दोनों भैंसें आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कृष्णा यादव भी बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए।

इंजीनियर संजय यादव ने बताया कि मृत दोनों भैंसों की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये थी। अचानक हुए वज्रपात से पशुपालक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद पशुपालक के परिवार में चिंता का माहौल है।

इधर, पीपरा थाना क्षेत्र के मधुबाना गांव निवासी नारायण यादव की दुधारू भैंस की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया गया कि भैंस बरवाडीह गांव के खेत में चर रही थी। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से भैंस की मौत हो गई। मृत भैंस की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद जिप सदस्य ददन पासवान पीड़ित पशुपालक के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रशासन से नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए पहल करने की बात कही।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *