अलौला में सड़क पर घुटने भर पानी, ग्रामीणों ने मांगा स्थायी समाधान

लगातार बारिश से अलौला गांव की कच्ची मुख्य सड़क पर पानी और कीचड़ जमा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों समेत ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

नीलांबर-पीतांबरपुर । लगातार हो रही बारिश के कारण प्रखंड के अलौला गांव की मुख्य कच्ची सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। सड़क पर घुटने तक पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़क और तालाब में फर्क करना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात शुरू होते ही हर साल गांव की सड़क की यही स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद अब तक सड़क के स्थायी निर्माण और जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पहल नहीं हुई।

ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि गांव पहुंचकर समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद गांव की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी शुरू हो जाती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भावी प्रत्याशी ईश्वरी राम ने प्रशासन से अलौला गांव की सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए तत्काल व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने पक्की सड़क के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की।

ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द पहल करते हुए जलनिकासी की व्यवस्था कराने और सड़क का स्थायी निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आवागमन की परेशानी और बढ़ सकती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *