मनीष सिन्हा
कतरास : कौशिकी अमावस्या के पावन अवसर पर कतरास के प्रसिद्ध लिलौरी मंदिर परिसर स्थित मां तारा मंदिर में श्रद्धा और भक्ति से सराबोर भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर मां तारा के जयकारों से गूंजता रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
विशेष आमंत्रण पर झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के बीसीसीएल जोनल उपाध्यक्ष सह झामुमो के वरीय नेता रतिलाल टुडू भी धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। उन्होंने मां तारा के दरबार में विधि-विधान और पूर्ण श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां तारा के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की। कौशिकी अमावस्या के अवसर पर मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
पूजा-अर्चना से पहले आयोजन समिति के सदस्यों और आयोजकों ने रतिलाल टुडू को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
रतिलाल टुडू ने कहा कि धर्म और आस्था मनुष्य को सद्भाव, सेवा, संस्कार और आपसी भाईचारे की भावना से जोड़ते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने मां तारा से प्रार्थना करते हुए कहा कि मां की कृपा क्षेत्रवासियों पर सदैव बनी रहे और सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य एवं समृद्धि का वास हो।
कार्यक्रम में संजय सोरेन, सुरेश महतो, सोनू कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्य, गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




