नदीम अंसारी
बुढ़मू : प्रखंड के ग्राम इचापीरी में अंजुमन कमेटी का चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव को लेकर सुबह से ही गांव में उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बंद कमरे में गुप्त मतदान के जरिए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चुनाव की प्रक्रिया मोहित खान की सदारत में कराई गई। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की गई और परिणाम घोषित किया गया। इसमें जुल्फान खान को सबसे अधिक मत मिले, जिसके बाद उन्हें अंजुमन कमेटी का सदर चुना गया। वहीं, सेक्रेटरी पद के लिए आशिक खान को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
चुनाव परिणाम सामने आते ही जुल्फान खान के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने नई कमेटी से सामाजिक और सामुदायिक कार्यों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।
सदर चुने जाने के बाद जुल्फान खान ने ग्रामीणों और अंजुमन के सदस्यों का आभार जताया। अपने संबोधन में उन्होंने गांव को नशा मुक्त बनाने को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया।
जुल्फान खान ने कहा कि गांव के कई नौजवान नशे की ओर बढ़ रहे हैं, जिसे रोकना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता इचापीरी को पूरी तरह नशा मुक्त बनाना होगी। इसके लिए अंजुमन की पूरी कमेटी मिलकर शिक्षा, एकता और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में काम करेगी।
उन्होंने कहा कि अंजुमन के विकास और सामाजिक कार्यों को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही, सभी लोगों को साथ लेकर गांव के हित में काम करने का प्रयास किया जाएगा।
चुनाव के दौरान बुढ़मू प्रखंड अंजुमन के सदर सह विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार, खजांची अकिल खान, उप सदर कुदूस अंसारी, हफिज राजा, अंसारुल हक और अमीरुल अंसारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और अंजुमन के सदस्य मौजूद रहे।




