हैदरनगर गैस एजेंसी चोरी कांड सुलझा, आरोपी गिरफ्तार, रकम बरामद

हैदरनगर की भारत गैस एजेंसी में हुई चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, उसके घर के पास बालू से 2.43 लाख बरामद हुए।

हैदरनगर । भारत गैस एजेंसी में हुई चोरी के मामले का हैदरनगर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से 2 लाख 43 हजार 250 रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में हुई कार्रवाई की जानकारी प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दी गई। एसडीपीओ ने बताया कि हैदरनगर थाना क्षेत्र के भाई बिगहा गांव में संचालित भारत गैस एजेंसी में छह सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने करीब 2 लाख 59 हजार रुपये की चोरी कर ली थी। घटना के बाद एजेंसी के प्रोपराइटर ने हैदरनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर हैदरनगर थाना कांड संख्या 331(4)/305 बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को मामले में सफलता मिली और प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान (41 वर्ष), पिता यासीन खान, निवासी भाई बिगहा ब्लॉक रोड, हैदरनगर को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर के पास रखे बालू के अंदर छिपाकर रखी गई रकम बरामद की। बरामद राशि कुल 2,43,250 रुपये है।

पुलिस का कहना है कि मामले में चोरी की गई अधिकांश रकम बरामद कर ली गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला के अलावा हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर, पुअनि राजू मांझी, सअनि बशिष्ठ ठाकुर, कुशेश्वर सिंह, आरक्षी खुर्शीद अंसारी, अविनाश कुमार रंजन, हवलदार मनोज कुमार मेहता, आरक्षी सदानन्द शर्मा, चालक अजीम और आरक्षी नंदु उरांव रिजर्व गार्ड शामिल थे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *