शिक्षक संजीव कुमार ने रचा इतिहास, मिला गिरिडीह का पहला शिक्षक सम्मान

शिक्षक दिवस पर पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह के नोडल शिक्षक संजीव कुमार को जिले के प्रथम शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान से नवाजा गया।

विलियम जैकब

गिरिडीह : शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सदर प्रखंड गिरिडीह के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह के नोडल शिक्षक संजीव कुमार को गिरिडीह जिले के प्रथम “जिला शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने से विद्यालय परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की ओर से “राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार” के लिए जिले से अनुशंसित शिक्षक संजीव कुमार के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए शिक्षक दिवस के अवसर पर “गिरिडीह जिला शिक्षक सम्मान समारोह” का आयोजन डायट, बगोदर, गिरिडीह में किया गया। समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, शॉल और ₹15,000 की सम्मान राशि प्रदान की गई।

शिक्षक संजीव कुमार ने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने और बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया है। विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर और प्रभावी बनाने के उनके प्रयासों को देखते हुए उन्हें जिले के इस प्रथम शिक्षक उत्कृष्टता सम्मान के लिए चुना गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद संजीव कुमार ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए ₹15,000 की पूरी सम्मान राशि विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान विद्यार्थियों की सफलता और विद्यालय का विकास है। सम्मान में मिली राशि का उपयोग विद्यार्थियों के हित में शैक्षणिक कार्यों और गतिविधियों को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।

संजीव कुमार के इस निर्णय से विद्यालय परिवार में विशेष उत्साह देखा गया। विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों ने उन्हें सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जिले के शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है। सम्मान राशि को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में लगाने का निर्णय उनकी कर्तव्यनिष्ठा, सेवाभाव और शिक्षा के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि संजीव कुमार का यह प्रयास विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा के क्षेत्र में नए और प्रभावी प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेगा।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.