विलियम जैकब
गिरिडीह : गिरिडीह विधायक एवं झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर है। उनके निधन पर सिविल सोसाइटी, गिरिडीह की ओर से अध्यक्ष निर्मल झुंझुनवाला के आवास पर शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शोकसभा में उपस्थित सदस्यों ने नम आंखों से स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका असमय निधन गिरिडीह के लिए बेहद पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने आम लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी और लोगों से लगातार जुड़े रहे।
वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से समाज और गिरिडीह की राजनीति में एक बड़ा खालीपन पैदा हुआ है। उनके योगदान और जनप्रतिनिधि के रूप में निभाई गई भूमिका को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उनके जाने से हुई क्षति की भरपाई आसान नहीं होगी।
शोकसभा के दौरान सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन और दुखद समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर महासचिव शंकर पांडेय, उपाध्यक्ष लखन लाल, सचिव सुनील खंडेलवाल, कार्यालय सचिव सुधीर अग्रवाल, देवराज आनंद, रामदेव विश्वकर्मा, राजेंद्र त्रिपाठी, काशी खंडेलवाल, अरुण कुमार, गौतम सोनी सहित सिविल सोसाइटी के कई सदस्य मौजूद रहे।
सदस्यों ने कहा कि स्वर्गीय सुदिव्य कुमार सोनू का जनसेवा के प्रति समर्पण और गिरिडीह के विकास में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।




