विलियम जैकब
गिरिडीह : गिरिडीह पुलिस के ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में 112 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय से मोबाइल खोने के बाद उसे वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर फोन हाथ में आते ही खुशी और राहत साफ नजर आई।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से संबंधित इन मोबाइल धारकों के फोन पुलिस की तकनीकी टीम और संबंधित थाना पुलिस के लगातार प्रयास से बरामद किए गए थे। बरामद मोबाइल में कुछ ऐसे फोन भी शामिल रहे, जो करीब दो महीने पहले खोए थे, जबकि कुछ मोबाइल लगभग दो साल पहले गुम हुए थे। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि तकनीकी संसाधनों की मदद से गिरिडीह पुलिस लगातार खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके मोबाइल वापस दिलाना ही नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करना भी है।
एसपी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन खोने की स्थिति में बिना देरी किए संबंधित थाना को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को रास्ते में किसी दूसरे का मोबाइल फोन मिलता है, तो उसे अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपना चाहिए, ताकि मोबाइल उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा सके।
मोबाइल फोन वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने गिरिडीह पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया और अभियान को आम लोगों के लिए उपयोगी बताया। पुलिस की तकनीकी टीम और थाना पुलिस के प्रयास से बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जाने से लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।




