सिमडेगा I अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में रविवार को पांच दिवसीय डॉ. भीमराव अंबेडकर फुटबॉल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा शामिल हुईं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आयोजन समिति और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला नाईन बुलेट क्लब रांची और मीट ट्रेवल सिमडेगा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नाईन बुलेट क्लब रांची ने 1-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की शुरुआत जीत के साथ की। मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी अल्बर्ट एक्का स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
गांव-गांव की प्रतिभाओं को मिले बेहतर अवसर
इस अवसर पर जोसिमा खाखा ने कहा कि सिमडेगा की पहचान खेल और खिलाड़ियों से है। जिले के गांव-गांव में प्रतिभावान खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें बेहतर प्रशिक्षण, खेल मैदान और नियमित प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खेल के जरिए युवा जिला, राज्य और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
जोसिमा खाखा ने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा सिमडेगा में खेल सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उनके प्रयासों से फुटबॉल स्टेडियम के निर्माण की दिशा में काम किया जा रहा है। वहीं जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हॉकी स्टेडियम भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने की अपील
जोसिमा खाखा ने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर मेहनत, अनुशासन और टीम भावना सबसे अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल को जीवन का हिस्सा बनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके नाम पर आयोजित यह फुटबॉल महाकुंभ युवाओं को अवसर देने और आगे बढ़ने की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन सकता है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अख्तर खान, हरसद हुसैन, इम्तियाज हुसैन, शकील अहमद, सेराफिनुश कुल्लू, लखन गुप्ता, प्रतिमा सोरेंग, संजय तिर्की, रामिकिशुन प्रसाद, निस्तर सुरीन, उर्मिल्ला केरकेट्टा, जॉन कुल्लू, अरमान खान उर्फ कोका समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, आयोजन समिति के सदस्य और खेलप्रेमी मौजूद रहे।




