मनीष सिन्हा
बाघमारा : भारत सरकार की “Zero Coal Leakage Tolerance Policy” के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत CISF इकाई, BCCL धनबाद ने अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी, गश्त और निगरानी की गई।
19 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी
क्षेत्र-03 (गोविंदपुर) में एबीजी ओरिएंटल माइंस के अंतर्गत कोयरीडीह नंबर 05 बस्ती के पास ब्लॉक-04 OCP कोल डंप के समीप छापेमारी की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल और करीब 3.92 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। मामले में MMDR Act के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
क्षेत्र-04 (कतरास) में देवांती बस्ती और कांटा पहाड़ी के आसपास अवैध कोयला गतिविधियों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया। पूरे अभियान में कुल 19 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी और सघन तलाशी ली गई। साथ ही प्रभावी एरिया डोमिनेशन और नियमित गश्त सुनिश्चित की गई।
ड्रोन से भी हुई इलाके की निगरानी
क्षेत्र-01 (बरोरा) में 07 पैच माइंस व्यू प्वाइंट और दामोदा माइंस क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को मौके की स्थिति के आधार पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्र-02 (महूदा) में इंटेक्स वेल के पास दो बड़े गोफ मिले। वहीं महूदा डीएवी स्कूल के पीछे मछियारा तथा मुरलीडीह 05, 07 और 18 नंबर क्षेत्रों में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि या कोयला भंडारण नहीं मिला।
क्षेत्र-04 (कतरास) में खास सिजुआ फुटबॉल ग्राउंड के समीप मिले तीन अवैध मुहानों में से एक की भराई कराई जा चुकी है। बाकी दो मुहानों को बंद करने के लिए कार्रवाई जारी है।
कई इलाकों में स्थिति सामान्य
क्षेत्र-05ए (नचितपुर) में एनओसीपी माइंस, वर्कशॉप, सीएचपी, कोल डंप और टीएमसी क्षेत्र सामान्य पाए गए। यहां चिह्नित अवैध मुहाना भी बंद मिला।
क्षेत्र-07 (पुटकी) में अधिकांश क्षेत्र सामान्य मिला। हालांकि एसएनआर वर्कशॉप के पास पाइपलाइन कार्य के चलते एक खुला एस्केप रूट पाया गया, जहां काम अभी जारी है।
क्षेत्र-बीके-II (बाघमारा) में जमुनिया हाईवॉल से संबंधित सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया। CISF की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध खनन और कोयला चोरी पर प्रभावी नियंत्रण के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखना है।




