लोक मंत्र संवाददाता
गढ़वा (पलामू)। इनर व्हील क्लब ऑफ गढ़वा ग्लोरियस की ओर से नवादा मोड़ स्थित आशीर्वाद मैरिज हॉल में द्वितीय पद स्थापना समारोह और श्रावणी उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका सिंह एवं गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में रांची उच्च न्यायालय की अधिवक्ता चंचल ठाकुर शामिल होकर दीप जलाकर कार्यक्रम का औपचारिक शुरुआत की।
नई कार्यकारिणी समिति का गठन
समारोह के दौरान 19 सदस्यों के साथ क्लब का सत्र के लिए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। जिसमें दीपाली अग्रवाल को अध्यक्ष, विनीता आनंद को उपाध्यक्ष, रुचि अग्रवाल को सचिव, ममता कश्यप कोषाध्यक्ष, सोनी गुप्ता, अर्चना कश्यप, श्वेता सोनी और शोभा देवी को कार्यकारी सदस्य बनाया गया। पर्यावरण संरक्षण के लिए श्वेता अग्रवाल, महिला सशक्तिकरण के लिए प्रीति रानी कश्यप और युवा शक्ति विकास और शिक्षा के लिए शालिनी अग्रवाल का चयन हुआ। इसके साथ ही समाज सेवा के संकल्प के साथ क्लब का विस्तार करते हुए 6 नए सदस्यों के रूप में रजनी गुप्ता, प्रीति गुप्ता, डॉ प्रीति गुप्ता, प्रतिमा कश्यप, खुशबू गुप्ता, और निशा जायसवाल का इंडक्शन कराया गया और उन्हें क्लब की सदस्यता दिलाई गई। मुख्य अतिथि डॉ. प्रियंका सिंह और गेस्ट ऑफ ऑनर चंचला ठाकुर ने नई टीम को बधाई देते हुए क्लब के सामाजिक कार्यों की सराहना की। नवनियुक्त अध्यक्ष दीपाली अग्रवाल ने सभी अतिथियों व सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में समाज हित में नए और बेहतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की धर्मपत्नी एवं चिकित्सक डॉ. प्रियंका सिंह ने क्लब के सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब महिलाएँ एकजुट होकर समाजहित में कार्य करती हैं, तो वे केवल सेवा ही नहीं करतीं, बल्कि समाज के उत्थान का मार्ग भी प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार इनर व्हील क्लब की सभी सदस्याएँ एकजुट होकर सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, वह निश्चित रूप से समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।




