रामगढ़ I अवैध गांजा की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार करने के साथ गांजा की ढुलाई में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी जब्त किया है। कार्रवाई शनिवार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रामगढ़ मुकेश कुमार लुनायत को सूचना मिली थी कि शहर के सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने एक गुमटी में अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय रामगढ़ मो. अकरम रजा के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
गठित टीम सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने पहुंची और गुमटी की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही गुमटी में मौजूद एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितेश कुमार, उम्र 20 वर्ष, पिता पुरुषोत्तम कुमार सिंह, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, थाना एवं जिला रामगढ़ बताया।पुलिस ने नियमानुसार गुमटी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से गांजा बरामद हुआ। इसके बाद गिरफ्तार युवक से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर भी छापेमारी की।
घर से 16 पैकेट में मिला 21.300 किलो गांजा
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को 16 अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 21.300 किलोग्राम गांजा मिला। गुमटी और घर से बरामद गांजा को मिलाकर पुलिस ने कुल 22.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया। पुलिस ने गांजा के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक आल्टो कार संख्या जेएच 02वी-2425 और अर्टिगा वाहन संख्या जेएच-24एन-2425 को भी जब्त कर लिया।
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
मामले को लेकर रामगढ़ थाना कांड संख्या 216/2026, 22 अगस्त को दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है I कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय मो. अकरम रजा, पुलिस निरीक्षक सह रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पाण्डेय, पुलिस अवर निरीक्षक रोशन बाड़ा, बिरबल हेम्ब्रम, जॉनी कुमार, मंजेश कुमार सिंह और मनीष कुमार सिंह के अलावा पैंथर मोबाइल के आरक्षी गुलाम खान व अजय कुमार दास तथा रिजर्व गार्ड के आरक्षी सुकुल विश्वकर्मा और रविशंकर कुमार शामिल थे।




