अमेठी : स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को अमेठी में देशभक्ति का खास नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री के आह्वान पर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा नेता महेश सोनी के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला अपने सहयोगियों के साथ शामिल हुए। हजारों लोगों के हाथों में तिरंगा लहराता नजर आया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘हिंदुस्तान जिंदाबाद’ के नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा व्यापार मंडल के जिला कार्यालय से शुरू हुई और अमेठी कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस जिला कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में रिटायर्ड सेना के अधिकारी और जवान, टीकरमाफी संस्कृत पाठशाला के सैकड़ों विद्यार्थी, सेपियन स्कूल के बच्चे, बड़ी संख्या में महिलाएं, व्यापारी और युवा शामिल हुए।
एकता और अखंडता का संदेश लेकर निकली यात्रा
भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से सभी लोग अपने नागरिक कर्तव्य का पालन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एकजुट और मजबूत हुआ है। यात्रा में भाजपा नेत्री सांभवी सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता देव प्रकाश पांडेय और भाजपा नेता अमरेंद्र सिंह पिंटू भी मौजूद रहे।
शहीदों को श्रद्धांजलि और राष्ट्रभक्ति का संदेश
यात्रा के आयोजक एवं व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों से लेकर व्यापारी, महिलाएं, युवा और पूर्व सैनिक तक शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल बना रहा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, रूट डायवर्जन भी
विशाल तिरंगा यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कस्बे में जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गौरीगंज बाईपास से रूट डायवर्जन भी किया गया।
यात्रा के दौरान पूरे अमेठी कस्बे में उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। तिरंगा लहराते लोग देशभक्ति के नारे लगाते हुए यात्रा में आगे बढ़ते रहे।
इस अवसर पर सुशील जायसवाल, राहुल लोहिया, हिमांशु अग्रवाल, हिमांशु अग्रहरि समेत बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी, युवा, महिलाएं और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




