प्रतापगढ़ : ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र रानीगंज के पृथ्वीगंज और गौरा मंडलों में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा के नेतृत्व में आयोजित यात्राओं में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए।
तिरंगा यात्राओं के दौरान भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों के बीच लोगों में खासा उत्साह नजर आया। यात्रा के दौरान राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश भी दिया गया।
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक
निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने का माध्यम भी है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और देश के प्रति सम्मान एवं एकजुटता का संदेश दें।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी हुए शामिल
पृथ्वीगंज और गौरा मंडलों में निकाली गई तिरंगा यात्राओं में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की बड़ी भागीदारी रही। यात्रा में सत्यम ओझा, अनिल अंगद मौर्या, पुष्पा सरोज, राकेश सरोज, अनुराग मिश्रा और ब्रजेश पटेल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा। भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।




