अमेठी में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, तैयारियां तेज

अमेठी में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। डीपीआरसी गौरीगंज में प्रदर्शनी, जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

अमेठी : शासन के निर्देश पर जनपद में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी), गौरीगंज में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने विकास भवन में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के दौरान सीडीओ पूजा साहू ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य देश के विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के साहस, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धांजलि देना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को उस ऐतिहासिक त्रासदी के बारे में जानकारी देना भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

विद्यार्थियों को विभाजन की त्रासदी से कराया जाएगा परिचित

सीडीओ ने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिया कि जिले के सभी विद्यालयों में विभाजन विभीषिका से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों को विभाजन के दौरान हुई घटनाओं और उसके प्रभावों से अवगत कराया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों को समय से पूरा करने और आयोजन के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

प्रदर्शनी के साथ होंगे जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम

डीपीआरसी गौरीगंज में विभाजन की त्रासदी पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न जागरूकता और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से विभाजन के दौरान प्रभावित लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद किया जाएगा।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए तैयारियों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में जिला विकास अधिकारी वीर भानु सिंह, परियोजना निदेशक ऐश्वर्य यादव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *