रांची। झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मॉनसून) सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने की, जबकि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी इसमें शामिल हुए।
बैठक में 6 अगस्त 2026 से शुरू होने वाले मॉनसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन के सुचारू संचालन के लिए सकारात्मक सहयोग देने की अपील की गई।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 6 अगस्त से प्रारंभ होगा, जिसमें राज्य सरकार विभिन्न विधायी एवं जनहित से जुड़े विषयों पर सदन में चर्चा और कार्यवाही करेगी।




