आरटीओ कार्यालय का चक्कर काटने से मिलेगी राहत
सुधीर रंजन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवहन विभाग की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने घोषणा की है कि अब परिवहन विभाग की 39 ऑनलाइन सेवाएं ऑटो अप्रूवल (Auto Approval) व्यवस्था के तहत संचालित की जाएंगी। इससे पात्र आवेदकों को कई सेवाओं के लिए RTO/ARTO कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी और आधार प्रमाणीकरण के बाद उनके आवेदन स्वतः स्वीकृत हो जाएंगे।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि परिवहन विभाग वर्तमान में आधार प्रमाणीकरण आधारित फेसलेस व्यवस्था के माध्यम से 52 ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। इनमें सारथी (SARATHI) पोर्टल की 27 तथा वाहन (VAHAN) पोर्टल की 12 सेवाएं, कुल 39 सेवाओं को ऑटो अप्रूवल प्रणाली से जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदन होने पर बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के उन्हें स्वतः स्वीकृति मिल जाएगी, जिससे नागरिकों के समय और संसाधनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे सेवाओं की उपलब्धता में तेजी आएगी, प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और परिवहन कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ऑटो अप्रूवल व्यवस्था के तहत लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, डुप्लीकेट एवं नवीनीकरण ड्राइविंग लाइसेंस, नाम एवं पता परिवर्तन, मोबाइल नंबर अपडेट, अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट (आईडीपी), डुप्लीकेट आरसी, आरसी में पता परिवर्तन, वाहन स्वामित्व हस्तांतरण, एनओसी, विशेष परमिट, डुप्लीकेट फिटनेस प्रमाणपत्र, एचपी एडिशन एवं टर्मिनेशन सहित कुल 39 सेवाएं शामिल की गई हैं।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे आधार प्रमाणीकरण आधारित फेसलेस ऑनलाइन सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करें और घर बैठे परिवहन विभाग की सुविधाओं का लाभ उठाएं।




