लोक मंत्र संवाददाता
मेदिनीनगर/पाटन (पलामू)।
पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने पाटन प्रखंड का दौरा कर लोगों की समस्याओं से अवगत हुए। श्री त्रिपाठी दौरा के क्रम में पंचायत सचिवालय मेराल, बरवाडीह, सिरम, शाहदेवा, पंचायत राजहरा, सगुना, सेमरी, पंचकेडिया, नवाखास में लोगों की समस्या को सुना। दौरे के क्रम में लोगों ने श्री त्रिपाठी से पाटन अंचल, प्रखंड और थाना में हो रही परेशानियों के बारे में बताया। कहा कि सबसे बड़ी समस्या परीक्षाओं में हो रही छात्रों को दिक्कत है, जैसे हिंदी भाषा नहीं रहने के कारण और साथ ही क्षेत्रीय भाषा में मगही, भोजपुरी भाषाओं का न होने से छात्रों को प्रश्नपत्रों को समझने में परेशानी होगी।
मौके पर श्री त्रिपाठी ने लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा में प्रश्न पत्र लीक होने से नवयुवकों को काफी परेशानी हो रही है। सरकार युवाओं के साथ सौतेला व्यवहार ना करे। पलामू के युवाओं के लिए क्षेत्रीय भाषा में मगही व भोजपुरी को शामिल किया जाये ताकि युवा परीक्षा उत्तीर्ण कर अपना कैरियर बना सकें। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा में मगही व भोजपुरी भाषा को शामिल कराने के लिए सभी को एकजुट होने की जरूरत है। साथ ही उन्होंने बताया कि पंचायत परामर्श यात्रा के तहत पलामू जिला के 283 पंचायत, गढ़वा जिले के 189 पंचायत एवं लातेहार जिले के 115 पंचायत का दौरा 15 अक्टूबर तक समापन होगी।




