सिमडेगा I उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने शनिवार को समेकित जनजातीय विकास अभिकरण (ITDA) कार्यालय का निरीक्षण कर संचालित योजनाओं की प्रगति और कार्यालयी अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कैश बुक, सेवा संपुष्टि समेत विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया और उनके संधारण एवं अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने गरजा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में अब तक विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं होने को लेकर जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि विद्युत प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की ओर से विद्युतीकरण से संबंधित प्राक्कलन तैयार कर अब तक उपलब्ध नहीं कराया गया है। इस पर उपायुक्त ने विद्यालय में जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
घेराबंदी और धुमकुड़िया भवन योजनाओं की भी समीक्षा
उपायुक्त ने सरना-मसना एवं कब्रिस्तान घेराबंदी के साथ धुमकुड़िया भवन निर्माण योजनाओं की प्रगति और भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की। लाभुक समितियों की ओर से मिली शिकायतों के आलोक में उन्होंने संबंधित योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने योजनाओं के अध्यक्ष और सचिवों के साथ 30 सितंबर 2026 को बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि शिकायतों और निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जा सके।
सभी योजनाओं का होगा भौतिक सत्यापन
उपायुक्त ने ITDA के तहत संचालित सभी योजनाओं का भौतिक सत्यापन कराने और संबंधित लिपिकों को अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरतने और निर्धारित कार्यों को प्रभावी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान ITDA की परियोजना निदेशक सरोज तिर्की, नजारत उप समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक समेत कार्यालय के अन्य कर्मी मौजूद रहे।



