हजारीबाग I हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरही चौक के पास एक पिकअप वाहन से 1,092 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को चोकर की बोरियों के नीचे छिपाकर हजारीबाग से बिहार के रजौली ले जाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और पिकअप वाहन को जब्त कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन संख्या यूपी33एटी-1060 में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर हजारीबाग की ओर से बिहार के रजौली ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बरही चौक के पास वाहन जांच शुरू कर दी।
रात करीब 10.15 बजे हजारीबाग की ओर से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया। वाहन रुकते ही चालक और उसके साथ बैठा एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल के जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने अपना नाम मणिकांत कुमार (25), पिता उपेंद्र प्रसाद, ग्राम मुर्तजापुर, थाना बेलछी, जिला पटना तथा पुरुषोत्तम कुमार, पिता यदुनंदन प्रसाद, ग्राम विष्णुपुर, थाना बेन, जिला नवादा बताया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि पिकअप वाहन में चोकर की बोरियों के नीचे शराब छिपाकर रखी गई थी।
इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 25 प्लास्टिक बोरियों में चोकर के अलावा ब्लेंडर्स प्राइड 750 एमएल की 168 बोतल, रॉयल स्टैग की 72 बोतल, मैजिक मोमेंट्स वोडका की 24 बोतल, रॉयल स्टैग बैरल सिलेक्ट की 720 बोतल और रॉयल ग्रीन व्हिस्की की 108 बोतल बरामद हुईं। पुलिस ने बरामद शराब की कुल संख्या 1,092 बोतल बताई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से शराब से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसके बाद शराब और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को विधिवत जब्त कर लिया गया।
छापामारी दल में बरही एसडीपीओ राधाप्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी बिनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक नाग, सुरजीत चौधरी, संतोष कुमार समेत बरही थाना के सशस्त्र बल और चालक शामिल थे। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



