मेदिनीनगर I संत मरियम आवासीय विद्यालय कजरी परिसर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर विद्यालय के बस चालकों और सह-चालकों ने अपने-अपने वाहनों की विधिवत साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्था, वाहनों और विभिन्न उपकरणों की सुरक्षा, सुख-समृद्धि तथा सुचारु संचालन की कामना की गई।
पूजा समारोह के दौरान विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने बस चालकों और सह-चालकों, इलेक्ट्रीशियन, किचन स्टाफ, सफाईकर्मियों सहित विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मानित किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य और बेहतर योगदान देने वाले कर्मचारियों को एप्रिसिएशन सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
चेयरमैन अविनाश देव ने कर्मचारियों को उनकी कार्य-भूमिका के अनुसार उपयोगी उपकरण भी दिए। इलेक्ट्रीशियन, बस चालकों और सह-चालकों को उपहार के साथ टेस्टर और प्लास प्रदान करते हुए उन्होंने सभी से अपने कार्यों को पूरी जिम्मेदारी, सावधानी और ईमानदारी के साथ करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय की पूरी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही से लेकर स्वच्छता, भोजन, तकनीकी व्यवस्था और दैनिक संचालन तक कर्मचारियों का परिश्रम विद्यालय की कार्यप्रणाली का अहम आधार है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी अपने दायित्व को गंभीरता से निभाए।
सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए चेयरमैन ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, श्रम, तकनीक और कर्म के प्रतीक हैं। उनके प्रति सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होगी, जब हम अपने कार्य को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें।
कार्यक्रम में प्राचार्य कुमार आदर्श, छात्रावास अधीक्षक उत्कर्ष देव, एडवोकेट ओंकार नाथ तिवारी, प्रवीण दुबे, बस प्रबंधक अविनाश सिंह, जितेंद्र सिंह, राजेश राय समेत विद्यालय के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।




