बोकारो I चास में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने दुस्साहसिक तरीके से एक महिला के गले से सोने की चेन और पेंडेंट झपट लिया। वारदात जोधाडीह मोड़ से करीब 200 मीटर दूर बेदीताड़ इलाके में हुई। घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। महिला के अनुसार छीनी गई सोने की चेन करीब 12 ग्राम की थी, जिसकी कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये के बीच है। वहीं पेंडेंट की कीमत करीब 15 से 20 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार कैलाश बिहार निवासी विभा मालाकार मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे सब्जी खरीदने के लिए घर से निकली थीं। सब्जी लेकर लौटते समय जैसे ही वह बेदीताड़ स्थित अपनी गली में पहुंचीं, वहां पहले से बाइक पर दो युवक मौजूद थे।
बाइक से रास्ता काटा, पीछे बैठे बदमाश ने मारा झपट्टा
महिला के गली में प्रवेश करते ही बाइक सवार युवकों ने अचानक उनका रास्ता काटने का प्रयास किया। बाइक की चपेट में आने से बचने के लिए महिला दीवार के किनारे की ओर चली गईं। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने मौका पाकर उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन व पेंडेंट लेकर दोनों बाइक से फरार हो गए।
वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ क्षण के लिए सहम गईं। बाद में उन्होंने घटना की सूचना चास थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से घटना की पूरी जानकारी ली।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस बदमाशों के आने-जाने के रास्ते और घटना में इस्तेमाल बाइक की पहचान के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।



