चांडिल I नीमडीह थाना क्षेत्र के बुरुडूंगरी लेंगडीह गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार दो युवकों ने 72 वर्षीय वृद्धा बावली सेन के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से न्यू बायपास एनएच-18 की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पीड़िता बावली सेन के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:43 बजे बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने उन्हें ‘मौसी’ कहकर बातचीत शुरू की और कुछ देर तक सामान्य तरीके से बात करते रहे। इसके बाद जब वे तालाब के पास पहुंची, तभी एक युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली।
छीना-झपटी में आधी चेन पीड़िता के पास रह गई
चेन छीनने के दौरान पीड़िता ने विरोध किया। छीना-झपटी में सोने की चेन का आधा हिस्सा टूटकर उनके हाथ में रह गया, जबकि आरोपी चेन का दूसरा हिस्सा लेकर बाइक से फरार हो गए। वृद्धा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके।
बावली सेन ने बताया कि उन्होंने करीब 12 ग्राम वजन की सोने की चेन वर्ष 2021 में 66 हजार रुपये में खरीदी थी। वारदात के बाद पीड़िता और उनके परिजनों में चिंता का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नीमडीह थाना प्रभारी एसआई रतन लाल मुर्मू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार दोनों युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किस दिशा से आए थे और वारदात के बाद किस रास्ते से फरार हुए। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।




