मोती दिखाकर महिला को ठगा, चेन-टॉप्स लेकर भाग रहा आरोपी गिरफ्तार

मोती से बीमारी और घर का दोष दूर करने का झांसा देकर महिला के जेवर उतरवाए, भागते समय भतीजे ने एक आरोपी को पकड़ लिया।

बोकारो I मोती से घर का दोष, बीमारी और आर्थिक परेशानी दूर करने का झांसा देकर एक महिला से जेवर उतरवाने के बाद उन्हें लेकर भाग रहे ठगों की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब महिला के शोर मचाने पर उसके भतीजे ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। घटना जैनामोड़ क्षेत्र की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी इस्लाम (44) के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार घटना 13 सितंबर की दोपहर की है। सुमिता देवी अपने भतीजे लालचंद महतो के घर आई थीं। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे। दोनों ने महिला को मोती दिखाते हुए दावा किया कि इससे घर का दोष, बीमारी और आर्थिक परेशानियां दूर हो सकती हैं। उनकी बातों में आकर सुमिता देवी ने उनके कहने पर अपने गले की चेन और कान के टॉप्स उतारकर जमीन पर रख दिए।

आरोपियों ने महिला से कहा कि वह आंखें बंद कर ‘ॐ’ का जाप करें। जैसे ही महिला ने आंखें बंद कीं, दोनों आरोपी जमीन पर रखे जेवर लेकर वहां से भागने लगे। महिला ने शोर मचाया तो घर में मौजूद उसके भतीजे लालचंद महतो को घटना का पता चला। लालचंद ने तत्काल आरोपियों का पीछा किया और जैनामोड़ स्थित शराब दुकान के पास एक आरोपी को पकड़ लिया। वहीं दूसरा आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम इस्लाम बताया। पुलिस के अनुसार उसने फरार साथियों के नाम असगर अली, आबिद, अख्तर अली और आजाद उर्फ गेंडा उर्फ एजाज बताए हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर महिला की चेन, कान के टॉप्स और मोती बरामद कर लिया है।

मामले में जरीडीह थाना कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार इस्लाम का पूर्व में भी कई थानों में आपराधिक इतिहास रहा है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *