महुआडांड़ : जिला फुटबॉल एसोसिएशन लातेहार की वार्षिक बैठक रविवार को महुआडांड़ स्थित जोसेफ बी. मिंज के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में भारत सरकार की नई गाइडलाइन के अनुरूप एसोसिएशन के संचालन, संगठनात्मक व्यवस्था और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद सर्वसम्मति से जिला फुटबॉल एसोसिएशन लातेहार की नई कमेटी का पुनर्गठन किया गया।
पुनर्गठित कमेटी में मनीष कुमार सिंह को अध्यक्ष, वसीम अख्तर को सचिव और इमरान अली को कोषाध्यक्ष चुना गया। पदाधिकारियों के चयन पर बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने सहमति जताई। इस दौरान एसोसिएशन को और मजबूत बनाने के साथ जिले में फुटबॉल खेल को बढ़ावा देने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जोसेफ बी. मिंज को भावभीनी विदाई दी गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह और पूर्व सचिव मोहम्मद अनवर खान ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर एसोसिएशन और जिले में फुटबॉल के विकास के लिए उनके योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया गया।
बैठक में जिले में फुटबॉल गतिविधियों को नियमित और बेहतर तरीके से संचालित करने को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी फुटबॉल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए प्रभावी पहल करने पर विचार-विमर्श किया।
मौके पर तबरेज खान, मुख्तार अहमद, देवेंद्र कुमार मिश्रा, रविंद्र कुमार ठाकुर, शहादत अली, इरफानी खान, लाडले खान, विकास उरांव, संजय तिग्गा, मेरी रोश तिग्गा, अफरोज अली, शाहिद अहमद, रविदास उरांव, सुरेश उरांव समेत एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद थे।



