मिठाई में अखाद्य रंग मिला तो मचा हड़कंप, 50 किलो मिठाई नष्ट

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई दुकानों में जांच कर 50 किलो अखाद्य रंग वाली मिठाई नष्ट कराई, स्कूलों के पास तंबाकू बेचने वालों पर जुर्माना लगाया।

 

मेदिनीनगर I आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग, पलामू की टीम ने गुरुवार को हरिहरगंज मुख्य बाजार में जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी पलामू-1 लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। वहीं, विद्यालयों के आसपास तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा), 2003 के प्रावधानों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई।

बस स्टैंड के समीप मुख्य बाजार में स्थित बसंत बहार स्वीट्स, बिट्टू मिष्ठान भंडार, भैया लाल मिष्ठान भंडार, शालीमार स्वीट्स समेत अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान करीब 50 किलोग्राम अखाद्य रंग युक्त मिठाई पाई गई। टीम ने नियमानुसार ऐसी मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

कार्रवाई के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मिठाइयों में केवल अनुमन्य खाद्य रंग का ही निर्धारित मात्रा में इस्तेमाल किया जाए। इसके अलावा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।

जांच अभियान के दूसरे चरण में बाजार क्षेत्र के आसपास स्थित विद्यालयों के निकट दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान कोटपा, 2003 के प्रावधानों का उल्लंघन कर तंबाकू और तंबाकू आधारित उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया। दुकानदारों को विद्यालयों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता और बच्चों व विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों और बाजार क्षेत्रों में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अधिनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ललिता कुमारी, संजीव कुमार उपाध्याय और अभय शंकर के अलावा कार्यालय कर्मी राजू कुमार मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.