गिरिडीह की पतरो नदी में कथित बालू तस्करी, रोज 150 ट्रैक्टर का दावा

गेनरो के साव टोला के पास पतरो नदी से रोज 100-150 ट्रैक्टर बालू उठाव की चर्चा, ग्रामीणों ने जांच, रोक और कार्रवाई की मांग की।

रिपोर्टर — विलियम जैकब

गिरिडीह । प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत गेनरो के साव टोला के समीप पतरो नदी से कथित रूप से बड़े पैमाने पर अवैध बालू उठाव किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार नदी से दिन-रात ट्रैक्टरों के जरिए बालू का उठाव और परिवहन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस स्थान से प्रतिदिन करीब 100 से 150 ट्रैक्टर बालू लेकर निकलते हैं।

लगातार हो रहे बालू उठाव को लेकर आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि नदी से बड़े पैमाने पर बालू निकाले जाने के कारण आसपास की निजी जमीन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि इसी तरह लगातार बालू का उठाव जारी रहा तो आने वाले दिनों में स्थानीय स्तर पर इसका असर दिखाई दे सकता है।

इधर, बालू लदे ट्रैक्टरों के तेज रफ्तार परिचालन को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई ट्रैक्टर तेज गति से गांव और आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरते हैं। इससे राहगीरों, बच्चों और अन्य ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी दिन गंभीर सड़क हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही नदी से कथित अवैध बालू उठाव पर तत्काल रोक लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को मौके पर जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि बालू के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *