चतरा । राजपुर थाना क्षेत्र के बंदा नदी के दुमुहान में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी किनारे बकरी चरा रहे चरवाहों ने झाड़ियों में फंसा शव देखा, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।
शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी। ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल राजपुर थाना प्रभारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। शव नदी की झाड़ियों में कैसे पहुंचा और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस शव की पहचान कराने के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक कहां का रहने वाला था। आसपास के इलाकों से लापता लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।




