लातेहार में टीएसपीसी का सक्रिय उग्रवादी लोडेड बंदूक के साथ गिरफ्तार

बालूमाथ के बरवाटोली-भगिया में पुलिस ने छापेमारी कर टीएसपीसी के सक्रिय उग्रवादी रोहन गंझू को लोडेड देसी बंदूक के साथ गिरफ्तार किया।

लातेहार । जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के बरवाटोली-भगिया के पास पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर टीएसपीसी के एक सक्रिय उग्रवादी को लोडेड देसी बंदूक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बरवाटोली भगिया निवासी रोहन गंझू, पिता करम गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक लोडेड देसी बंदूक बरामद की है। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मामले की जानकारी बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी का एक उग्रवादी अपने घर बरवाटोली आया हुआ है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम गठित की गई और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रोहन गंझू को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देसी बंदूक बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पांच आपराधिक मामलों में दर्ज है नाम

एसडीपीओ के अनुसार, गिरफ्तार रोहन गंझू पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ बालूमाथ, चंदवा, बारियातू, चतरा और टंडवा थाना क्षेत्रों में कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।

पुलिस का आरोप है कि रोहन गंझू टीएसपीसी के आदेश गंझू के कहने पर लेवी वसूली का काम करता था। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संगठन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

छापेमारी अभियान में बालूमाथ थाना प्रभारी अभिनव सिन्हा, पुलिस अवर निरीक्षक देवेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, होसेन डांग, मनोज कुमार समेत थाना के पुलिस जवान शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों के बीच हड़कंप की स्थिति है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.