सेक्टर-6 डेली मार्केट में भीषण आग, सात दुकानें जलकर हुईं राख

सेक्टर-6 डेली मार्केट में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने सात दुकानों को चपेट में लिया, दमकलकर्मियों ने आठ गैस सिलेंडर बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाला।

बोकारो । सेक्टर-6 डेली मार्केट मोड़ पर रविवार की सुबह लगी भीषण आग ने देखते ही देखते सात दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयावह थी कि दमकल की गाड़ियां पहुंचने तक दुकानों में रखा अधिकांश सामान धू-धूकर जल चुका था। आग की लपटों के बीच एक गैस रिफिलिंग दुकान में रखे करीब आठ सिलेंडर भी बड़ा खतरा बने हुए थे। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता से सभी सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह अवैध बिजली कनेक्शन में शॉर्ट सर्किट सामने आई है। बोकारो फायर स्टेशन प्रभारी भगवान ओझा ने बताया कि आग प्रसाद होटल के आसपास से शुरू होने की बात सामने आई है। कुछ ही देर में पूजा ज्वेलर्स, खाजा व मिठाई की दुकान, चश्मा दुकान, दुर्गा ग्लास, होटल और सैलून समेत सात दुकानें आग की लपटों से घिर गईं।

सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड अग्निशमन विभाग और बीएसएल की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 10 से 15 मिनट में दमकल वाहनों ने मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से पहले नियंत्रित कर लिया गया।

अग्निकांड में दुकानों में रखा सामान, फर्नीचर और बिक्री के लिए रखा माल जलकर राख हो गया। विश्वकर्मा पूजा को लेकर कई दुकानदारों ने पहले से अतिरिक्त सामान मंगाकर रखा था। ऐसे में दुकानदारों का नुकसान और बढ़ गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका है।

इधर, गैस सिलेंडर लेकर मौके से फरार हुए दुकानदार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *