राजीव रंजन
रांची : जिला सलाहकार समिति (PC & PNDT) की बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान नए सेंटरों के निबंधन, पुराने सेंटरों के नवीनीकरण, अल्ट्रासाउंड मशीनों की जानकारी दर्ज करने, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग तथा मशीनों की खरीद और शिफ्टिंग से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
समिति ने आवेदनों और संबंधित दस्तावेजों की जांच के बाद 13 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और तीन सेंटरों के नवीनीकरण को मंजूरी प्रदान की। इसके साथ ही संस्थानों में संचालित अल्ट्रासाउंड मशीनों की फॉर्म-B में एंट्री के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में चिकित्सकों की ज्वाइनिंग से संबंधित प्रस्तावों पर भी विचार किया गया। प्रमाणपत्रों की जांच के बाद योग्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का अनुमोदन किया गया। समिति ने निर्देश दिया कि चिकित्सकों की ज्वाइनिंग से जुड़ी पूरी जानकारी गरिमा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।
अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित होगी जांच
बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों की नियमित निगरानी और जांच पर विशेष जोर दिया गया। समिति ने निर्णय लिया कि सेंटरों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाएगा, ताकि नियमों और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से सेंटरों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, समिति के सदस्य और PC & PNDT को-ऑर्डिनेटर समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




