विधायक जयराम महतो पर थाना प्रभारी से बदसलूकी का आरोप, केस दर्ज

धनबाद में विधायक जयराम महतो और समर्थकों पर थाना प्रभारी से अभद्रता, धमकी और थाने में तोड़फोड़ के आरोप लगे हैं।

मनीष सिन्हा

धनबाद : डुमरी विधानसभा के विधायक जयराम कु. महतो पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी पु.अ.नि. रवि कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और धमकी देने का आरोप लगा है। प्राप्त सूचना के अनुसार, 21 अगस्त 2026 की रात विधायक ने अपने मोबाइल से थाना प्रभारी को वाट्सऐप कॉल किया और कथित तौर पर उनकी नौकरी बर्बाद करने तथा ऑफ ड्यूटी सबक सिखाने की धमकी दी।

आरोप है कि इसके बाद विधायक और उनके समर्थक बरवाअड्डा थाना कार्यालय कक्ष में पहुंचे, जहां थाना प्रभारी के साथ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दुर्व्यवहार किया गया। इस दौरान कार्यालय में रखे सामानों के साथ तोड़फोड़ और क्षति पहुंचाने की बात भी सामने आई है।

घटना को लेकर बरवाअड्डा थाना में विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, आरोप यह भी है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए लगातार वीडियो जारी किए जा रहे हैं।

इस पूरे घटनाक्रम पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन, शाखा रेल धनबाद ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह के कथित व्यवहार से रेल जिला धनबाद समेत पूरे झारखंड के पुलिसकर्मियों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंची है। संगठन ने इसे स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अस्वीकार्य बताया है।

झारखंड पुलिस एसोसिएशन, शाखा रेल धनबाद ने विधायक के कथित कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा और भर्त्सना की है। साथ ही, झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय, रांची की ओर से विधायक जयराम महतो और अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी को लेकर दिए गए पांच दिनों के अल्टीमेटम का पूर्ण समर्थन किया है।

एसोसिएशन ने संकेत दिया है कि आगे की कार्रवाई आवश्यकता के अनुसार केंद्रीय एसोसिएशन के निर्देशों के अनुरूप की जाएगी। मामले को लेकर पुलिस और विधायक पक्ष की आगे की प्रतिक्रिया इस विवाद की दिशा तय कर सकती है।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *