हजारीबाग में खेलों का महाकुंभ: 50 हजार खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

hazaribagh-sansad-khel-mahotsav-2026

हजारीबाग I हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद मनीष जायसवाल लगातार दूसरी बार सांसद खेल महोत्सव का आयोजन कराने जा रहे हैं। इस बार आयोजन का दायरा पहले की तुलना में काफी व्यापक रखा गया है। लोकसभा क्षेत्र के सभी 22 प्रखंडों में होने वाले इस खेल महाकुंभ में 50 हजार से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने का अनुमान है। अकेले फुटबॉल प्रतियोगिता में करीब 25 हजार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ 30 अगस्त 2026 को सदर विधानसभा क्षेत्र के दारू प्रखंड से होगा। इस बार फुटबॉल के साथ क्रिकेट, कबड्डी, तैराकी, निशानेबाजी, वॉलीबॉल, तीरंदाजी, मुक्केबाजी, रस्साकशी, पिट्ठू, मैराथन और ताइक्वांडो समेत 12 से अधिक खेल विधाओं को महोत्सव में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रहे पारंपरिक खेलों को भी आयोजन में जगह दी गई है।

महोत्सव के जरिए हजारीबाग, बड़कागांव, बरही, मांडू और रामगढ़ समेत पूरे लोकसभा क्षेत्र के गांवों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। आयोजकों का मानना है कि ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच और अवसर की जरूरत है।

आयोजन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर रविवार को बड़कागांव रोड स्थित एंजल्स हाई स्कूल परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव सिर्फ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं को सही दिशा देने का व्यापक अभियान है।

उन्होंने बताया कि इस खेल यात्रा की शुरुआत वर्ष 2016 में सदर विधायक रहते कटकमदाग से ‘नमो फुटबॉल टूर्नामेंट’ के रूप में हुई थी। धीरे-धीरे यह अभियान सदर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग प्रखंडों तक पहुंचा। कोरोना संक्रमण के कारण वर्ष 2020 और 2021 में आयोजन नहीं हो सका। इसके बाद 2022 में इचाक और डाड़ी तथा 2023 में बड़कागांव और केरेडारी को भी अभियान से जोड़ा गया। आगे चलकर नमो कैरम, कबड्डी और बॉक्सिंग जैसी प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। अब यही खेल यात्रा सांसद खेल महोत्सव के रूप में पूरे लोकसभा क्षेत्र तक पहुंच चुकी है।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आयोजन का एक अहम उद्देश्य युवाओं को नशे और गलत गतिविधियों से दूर कर खेल के मैदान तक लाना है। खेल युवाओं में अनुशासन, बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करता है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ के विजन से प्रेरित है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ना आज के समय की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों से अपने-अपने लोकसभा क्षेत्रों में खेल महोत्सव आयोजित करने का आह्वान किया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सांसद मनीष जायसवाल को आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

प्रेस वार्ता से पहले सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मीट का भी आयोजन किया गया। इसमें सोशल मीडिया से जुड़े लोगों से युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने के लिए सकारात्मक अभियान चलाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में बरकट्ठा विधायक अमित यादव, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, मांडू विधायक निर्मल महतो, भाजपा नेता प्रो. केपी शर्मा, शिवलाल महतो, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, जिला परिषद अध्यक्ष उमेश प्रसाद मेहता, जय नारायण प्रसाद, सांसद खेल समन्वयक बंटी तिवारी, सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *