फतेहपुर में एक लाख की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार

फतेहपुर खागा सब रजिस्ट्रार कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

फतेहपुर :  एंटी करप्शन टीम प्रयागराज ने मंगलवार को फतेहपुर के खागा स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पर बैनामे के एक मामले में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर कार्रवाई से बचाने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

आरोपी मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के पूरे घनी गांव का रहने वाला बताया गया है। मामले में शिकायतकर्ता संग्रामपुर सानी थाना खागा निवासी भीम सिंह पुत्र स्वर्गीय वैजनाथ सिंह हैं।

8 अगस्त को की गई थी शिकायत

शिकायतकर्ता ने 8 अगस्त 2026 को एंटी करप्शन थाना प्रयागराज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 17 जून 2026 को कराए गए बैनामे में झूठे तथ्य दिखाकर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही थी। आरोप है कि इसी मामले में मुकदमे से बचाने के एवज में कनिष्ठ सहायक ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच और ट्रैप की कार्रवाई की तैयारी की।

13 सदस्यीय टीम ने कार्यालय में की कार्रवाई

शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन की 13 सदस्यीय टीम ने मंगलवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय खागा में कार्रवाई की। लोकसेवक साक्षीगण और ट्रैप टीम की मौजूदगी में आरोपी राहुल कुमार बौद्ध को कथित तौर पर एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद सब रजिस्ट्रार कार्यालय में भी हड़कंप की स्थिति रही।

Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *