चैनपुर Iआपराधिक मामलों में सजा काट चुके या न्यायिक प्रक्रिया से गुजरने के बाद जेल से बाहर आए लोगों पर पलामू पुलिस की निगरानी अब और कड़ी होगी। इसी कड़ी में रविवार को पलामू पुलिस के निर्देश पर चैनपुर थाना परिसर में थाना परेड आयोजित की गई। इसमें जेल से बाहर आए कुल 117 लोगों ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों ने उनकी वर्तमान गतिविधियों, रोजगार और सामाजिक जीवन की जानकारी ली तथा उन्हें अपराध से दूरी बनाकर समाज की मुख्यधारा में लौटने की नसीहत दी।
थाना परेड में शामिल 117 लोगों में हत्या के 26, लूट के 15, चोरी के 15, आर्म्स एक्ट के 33 और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े 28 लोग शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने सभी से अलग-अलग बातचीत की और यह जानने का प्रयास किया कि जेल से बाहर आने के बाद वे किस तरह का जीवन जी रहे हैं और वर्तमान में उनकी गतिविधियां क्या हैं।
एसपी ने कहा- अपराध से बर्बाद होता है परिवार का भविष्य
पलामू के पुलिस अधीक्षक ने थाना परेड के दौरान स्पष्ट कहा कि अपराध का रास्ता केवल व्यक्ति का भविष्य खराब नहीं करता, बल्कि उसके पूरे परिवार के भविष्य पर भी इसका गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने जेल से बाहर आए लोगों से आपराधिक गतिविधियों से पूरी तरह दूर रहने और शांतिपूर्ण व जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने की अपील की।
एसपी ने कहा कि कानून का पालन करते हुए परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं। उन्होंने लोगों को अपराध छोड़कर मेहनत और रोजगार के जरिए सामान्य जीवन की ओर लौटने की सलाह दी।
दोबारा अपराध किया तो होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जेल से बाहर आने के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से साफ संदेश दिया गया कि सुधार का अवसर जरूर दिया जा रहा है, लेकिन अपराध की पुनरावृत्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगरानी के साथ सुधार पर भी जोर
पुलिस के अनुसार थाना परेड का उद्देश्य केवल जेल से छूटे लोगों की निगरानी करना नहीं है। इसके जरिए उन्हें अपराध की दुनिया से दूर रखते हुए समाज की मुख्यधारा में वापस लाने का भी प्रयास किया जा रहा है। पुलिस उनकी वर्तमान गतिविधियों पर नजर रखेगी, ताकि वे दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों।
थाना परेड के दौरान पुलिस ने संबंधित लोगों को कानून के दायरे में रहकर जीवन जीने और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सलाह दी। पुलिस का मानना है कि निगरानी और समझाइश के साथ ऐसे लोगों को सामान्य सामाजिक जीवन में लौटने का अवसर दिया जा सकता है।
मौके पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी समेत चैनपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी, जवान, चौकीदार एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




