सिमडेगा : रांची स्थित जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल सर्विस में आयोजित काउंसिल ऑफ कैथोलिक वीमेन ऑफ इंडिया के 26वें राष्ट्रीय सम्मेलन के तीसरे दिन शनिवार को सिमडेगा धर्मप्रांत की महिला प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम की शुरुआत मिस्सा पूजा के साथ हुई। धर्मगुरुओं की मौजूदगी में आयोजित मिस्सा पूजा में समाज, परिवार और देश में शांति, महिलाओं के सशक्तीकरण तथा जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
मौके पर बीरू भीखारियेट की सभा नेत्री सह जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और समाज के प्रति महिलाओं की भूमिका को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
सम्मेलन के दौरान सिमडेगा धर्मप्रांत की प्रतिनिधियों ने जिले में महिलाओं, बच्चों, गरीबों और जरूरतमंद परिवारों के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों की जानकारी साझा की। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को शिक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
विभिन्न धर्मप्रांतों से सम्मेलन में पहुंची महिलाओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में किए जा रहे सामाजिक कार्यों और सामने आ रही चुनौतियों के अनुभव साझा किए। इस दौरान सामाजिक सेवा को और मजबूत बनाने तथा समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में सिमडेगा धर्मप्रांत से अनीता रानी तोपनो, जोसिमा खाखा, शीला कीड़ो, क्लारा बा, कमला लुगुन, रैनी खाखा, फैबिओला सोरेन, वेरोनिका कुल्लू, सुशीला लकड़ा, रोजालिया कुजूर, पुष्पा होरो, अनिमा कुजूर, अनिमा कंडुलना, टेरेसा भलारिया, करमेला कुल्लू, सुचिता जोजो, नीरू कांती बाड़ा, रोबर्टिना एक्सेस, अनिमा केरकेट्टा और फिलिसिता सोरेंग समेत अन्य महिलाएं शामिल हुईं।




